ऊना।
स्वास्थ्य विभाग ने जन जागरुकता अभियान के तहत सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कला जत्था आरके कला मंच, चिंतपूर्णी के कलाकारों ने अंबोटा और मवा सिंधियां में जागरुकता अभियान चलाया। कलाकारों ने पीलिया रोग के बारे में बताया कि पीला पेशाब आना और आंखों-नाखूनों का रंग पीला होना लक्षण हैं। इसके अलावा कमजोरी, थकान और भूख न लगना और बुखार रहना भी इसके लक्षण है।
उन्होंने बताए कि ऐसे लक्षण होने पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाकर समय रहते उपचार करवाएं। कलाकारों ने काला मोतिया के बारे में बताया कि इस रोग से ग्रसित व्यक्ति को प्रकाश के स्रोत के चारों ओर रंगीन गोले नजर आते हैं और आंखों में दर्द महसूस होता है। रोगी को चश्मे का नंबर जल्दी बदलना पड़ता है। उन्होंने बताया कि काला मोतिया रोका नहीं जा सकता लेकिन इसका नियमित उपचार करवाया जाए तो नेत्र विहीनता को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि आंखों का साल में कम से कम एक बार चेकअप जरूर करवाएं।