ऊना। बाल विकास परियोजना अंब के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चार और सहायिकाओं के सात पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। कार्यकारी सीडीपीओ अंब कुलदीप कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन सादे कागज पर भर के सात जुलाई सायं पांच बजे तक बाल विकास परियोजना कार्यालय अंब में जमा करवा सकते हैं। कुलदीप कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र छपरोहिए, स्तोथ, प्रतापनगर-1 और कटोहड़ खुर्द-2 में आंगनवाडी वर्करों का 1-1 भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्र अरनवाल, झोला भटोला, सारड़ा, वधमाणा-1, मिरगु (अमोकला प्रीतम), सेरी-1 और थनीकपुरा में सहायिकाओं का 1-1 पद भरा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए साक्षात्कार 9 जुलाई को सुबह 10 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय अंब में होगा।
कुलदीप कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। प्रार्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। अभ्यर्थी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र का सामान्य निवासी होना चाहिए। प्रार्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए जिसका प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार/ तहसीलदार/ कार्यकारी मजिस्ट्रेट अधिकारी द्वारा प्रमाणित/ प्रतिहस्ताक्षरित होना चाहिए।