आरोप, कंपनी श्रम कानूनों की कर रही अनदेखी
सरकारी नियमानुसार न्यूनतम वेतन का भुगतान मांगा
एंबुलेंस संचालन के लिए तैनात किए विभाग के चालक और फार्मासिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना में 102 और 108 एंबुलेंस कर्मी वीरवार रात आठ बजे से हड़ताल पर रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने ऊना शहर में रैली निकाली और लघु सचिवालय के मुख्य गेट के बाहर एंबुलेंस संचालक कंपनी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी श्रम कानूनों की अनदेखी कर रही है। कर्मचारियों का कहना है कि पहले भी कई बार हड़ताल व प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन कंपनी और सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस मौके पर सीटू ऊना के सचिव गुरनाम सिंह ने बताया कि यह हड़ताल सीटू के बैनर तले की गई है। उनकी मुख्य मांगों में सरकारी नियमानुसार न्यूनतम वेतन का भुगतान, 12 घंटे कार्य करने पर डबल ओवरटाइम का भुगतान, कर्मचारियों को सभी नियत अवकाश प्रदान करना, गाड़ियों का उचित रख-रखाव, बीमार होने पर पूर्ण वेतन देना आदि शामिल हैं। इसके अलावा उच्च न्यायालय, लेबर कोर्ट, सीजीएम कोर्ट शिमला और श्रम विभाग के आदेशों को लागू करना, यूनियन एक्ट 1926 व औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 के प्रावधानों को लागू करना, ईपीएफ व ईएसआईसी में पाई गई खामियों को सुधारने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया गया।
कर्मचारियों में शविंदर, अजय कुमार, संतोष कुमार, शिव कुमार, कुलविंद्र, जीवन कुमार, दीपक कुमार, शशि सयाल, शिखा, सुदेश, अजय, पुष्पक, आनंद, प्रेम, कुलवीर, बबली, अमन, अंकुश, दिनेश, राहुल, चमन, रजत, मनीश कुमार, सीमा, रोहित सहित अन्य शामिल थे। हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य विभाग के चालक और फार्मासिस्टों को एंबुलेंस संचालन के लिए तैनात किया गया, जिससे सेवा सुचारु रूप से जारी रही। मेडस्वान कंपनी वर्तमान में जिले में 102 व 108 एंबुलेंस सुविधा का संचालन कर रही है, जिसमें 32 पायलट और 26 ईएमटी कार्यरत हैं।