चिंतपूर्णी/भरवाईं(ऊना)।
शक्तिपीठ चिंतपूर्णी माता रानी के लाइव दर्शन अब घर बैठे टीवी पर भक्त कर सकेंगे। संक्रांति के अवसर मंदिर प्रशासन ने स्थानीय केबल ऑपरेटर को इसकी अनुमति दे दी है। फास्ट वे पर सोमवार से गर्भ गृह के लाइव दर्शन का टेलीकास्ट शुरू कर दिया गया है।
मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा ने कहा कि मंदिर में लगी एलईडी और केबल टीवी पर पांच सालों से मंदिर के गर्भ गृह के लाइव दर्शनों की सुविधा बंद थी। इससे लाइनों में खड़े होने के बावजूद श्रद्धालुओं को माता के दर्शनों के लिए घंटों का इंतजार करना पड़ता था। लाइनों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए लाइव दर्शन के लिए एलईडी की व्यवस्था फिर से शुरू कर दी है। इसके अलावा केबल टीवी पर भी लाइव दर्शन की सुविधा कर दी गई है। इससे अब लोग घर बैठे ही माता रानी की पावन पिंडी के दर्शन कर सकेंगे।
लगभग सात साल बाद अवनीश शर्मा ने माता चिंतपूर्णी मंदिर अधिकारी का पुन: कार्यभार संभाला। उनके प्रयासों से ही श्रद्धालु अब लाइव दर्शन भी कर सकेंगे। सोमवार को संक्रांति के अवसर पर मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा एवं मंदिर के पुजारियों ने सैकड़ों श्रद्धालुओं को माता की चुनरियां भी वितरित कीं। पूर्व प्रधान केवल कृष्ण कालिया, पूर्व ट्रस्टी निरंजन कालिया ने बताया कि श्रद्धालुओं को फिर से लाइनों में लाइव दर्शन एवं भक्तों की ओर से चढ़ाई गई चुनियों को आम भक्तों में बांटना सराहनीय कार्य है। मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा ने बताया कि मंदिर में सुधार अपेक्षित हैं। इनके लिए प्रयास जारी हैं। दर्शनों के लिए चोर रास्तों के इस्तेमाल पर पूर्णतया विराम रहेगा। इस अवसर पर प्रधान एवं मंदिर न्यास के सदस्य नरेंद्र कालिया, केवल, निरंजन, रोहन एवं गौरव उपस्थित रहे।