वर्तमान में 352 लोग टीबी संक्रमण से पीड़ित
स्वास्थ्य विभाग ने दस हजार से अधिक प्रवासी लोगों के किए टेस्ट
जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले को क्षय रोग मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयास कर रहा है। इस कड़ी में विभाग की तरफ से इन दोनों 100 दिन टीबी अभियान जिलेभर में चलाया जा रहा है। लोगों के घर द्वार पर जाकर उनकी जांच की जा रही है। दूसरी तरफ कामकाज के सिलसिले से जिले में आए प्रवासी लोगों को भी इस अभियान के साथ जोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें झुग्गी झोपड़ियों में जाकर प्रवासी लोगों की टीबी की जांच कर रही हैं। जिले में अभी तक दस हजार से अधिक प्रवासी लोगों की जांच की जा चुकी है। वहीं, टीबी पीड़ित पाए जाने पर इन लोगों का उपचार भी समय पर शुरू किया जा रहा है। 100 दिन टीबी अभियान के तहत जिले के हर उपमंडल में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार कार्य कर रही है। प्रवासी लोगों को भी इस रोग से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है। इसके लिए विभाग की तरफ से झुग्गी झोपड़ियों में जाकर प्रवासी लोगों के एक्स-रे सहित अन्य टेस्ट किए जा रहे हैं। साथ ही अगर इन क्षेत्रों में कोई मरीज सामने आ रहे हैं तो उनके पोषण और अन्य ज़रूरी सामग्री को उपलब्ध करवाने के लिए भी निक्षय मित्रों की मदद ली जा रही है। वर्तमान में जिले में 352 टीबी के मरीज हैं। इनका उपचार स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में चल रहा है। जिले में औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास सबसे अधिक प्रवासी लोग रहते हैं। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विशेष रूप से जांच अभियान चला रहे हैं।
100 दिन टीबी अभियान के तहत जिलेभर में जांच अभियान विभाग की तरफ से चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अलावा प्रवासियों को भी विशेष रूप से शामिल किया जा रहा है। अभी तक दस हजार से अधिक प्रवासी लोगों को इस अभियान में शामिल किया गया है। आगामी दिनों में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
डाॅ. एसके वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना