ऊना। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने पंडोगा में बिना बिल के एक कारोबारी से 10 किलो चांदी और एक सीमेंट से भरा ट्रक चालक को पकड़ा है। विभाग की टीम ने बिना बिल के चांदी ले जाने पर कारोबारी से 42 हजार और ट्रक चालक से 24640 रुपये जुर्माना वसूला है।
जानकारी के अनुसार सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ पंडोगा में मौजूद थे। इस दौरान विभाग की टीम ने शक के आधार पर सामने से आ रही एक कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार की सीट के नीचे छिपाई करीब 10 किलो चांदी बरामद हुई। टीम के पूछताछ करने पर कारोबारी चांदी का कोई बिल पेश नहीं कर पाया।
विभाग की टीम ने कारोबारी को 42 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। बताया जा रहा है कि कारोबारी कार में चांदी नंगल की ओर लेकर जा रहा था। लेकिन विभाग की टीम ने पंडोगा में उसे पकड़ लिया। इसके अलावा विभाग ने पंजाब से सीमेंट लेकर हिमाचल आ रहे एक ट्रक को भी बिना ई वे बिल के पकड़ा है। होशियारपुर से सीमेंट लेकर आ रहे ट्रक चालक से जब सीमेंट से संबंधित ई वे बिल दिखाने को कहा गया तो वह इसे नहीं दिखा सका।
विभाग के अधिकारी प्रदीप ठाकुर ने ट्रक चालक पर 24640 रुपये का जुर्माना लगाया। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ऊना के उप आयुक्त शाहदेव कटोच ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बिना बिल के चांदी लेकर जा रहे कारोबारी से 42 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। पंजाब की ओर से ट्रक चालक के पास सीमेंट से संबंधित ई वे बिल नही था, जिससे ट्रक में भरे हुए 44 हजार के 200 सीमेंट के बैग पर 24640 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए हैं।