एशिया कोर्फबाल चैंपियनशिप में दिखेगा हिमाचल का जलबा
चीन के लेशान में 15 से 20 जुलाई तक होने वाली एशिया कोर्फबाल चैंपियनशिप में प्रदेश के छह खिलाड़ियों को भारतीय टीम में जगह मिली है। यही नहीं, भारतीय टीम के कोच भी हिमाचल से ही हैं।भारतीय कोर्फबाल संघ की ओर से घोषित टीम में बिलासपुर के दधोल स्कूल से कनिष्का ठाकुर, हर्ष राणा, राधिमा जसवाल और साक्षी, शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन से मिली और शिमला से नव्या को शामिल किया गया है। इन युवाओं का चयन भारतीय कोर्फबाल टीम के लिए एक बड़ा मुकाम है।
भारतीय टीम को हिमाचल के विनोद ठाकुर प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा में 6 से 12 जुलाई तक गहन प्रशिक्षण दिया गया। सभी खिलाड़ियों को कोर्फबाल के अंतरराष्ट्रीय नियमों और तकनीकों में दक्ष बनाया गया है। टीम को रविवार शाम अखिल भारतीय कोर्फबाल संघ के अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा और पदाधिकारियों ने रवाना किया। प्रतियोगिता के बाद भारतीय टीम 21 जुलाई को स्वदेश लौटेगी। हिमाचल से इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का चयन पहली बार हुआ है, जिससे प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है।