यूपी के लखीमपुर खीरी के रहने वाला था युवक
बद्दी में एक निजी उद्योग में कार्यरत था, मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी के भटौली कलां में एक युवक की छत से गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए मृतक के भाई को सौंप दिया है। मृतक अविवाहित था।
पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय युवक गुड्डू पुत्र मेवा लाल यूपी के जिला लखीमपुर खीरी के गांव कर्णपुर का रहने वाला था। वह भटोली कलां में भाई के साथ किराए के मकान में रहता था। बीती रात खाना खाने के बाद वह अन्य साथियों के साथ मकान की दूसरी मंजिल की छत पर सोया हुआ था। रात को शौच करने के लिए वह जैसे ही उठा तो वह छत से गिर गया और मुंह के बल गिरने से उसके सिर व मुंह में चोटें आईं। रात को उसे किसी ने नहीं देखा। सुबह जब उसके साथी उठे तो वह छत पर नहीं था। साथियों ने उसे देखा तो वह ग्राउंड में मुंह के बल गिरा हुआ था। उसके नाक व मुंह ने खून निकल रहा था।
उसके भाई और साथियों ने बरोटीवाला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ पहुंचाया। नालागढ़ में पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके भाई अनिल को सौंप दिया है।
उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि मृतक गुड्डू अविवाहित था। उनके परिजनों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया। नींद में वह छत से गिर गया। उसके कपड़ों में पेशाब लगा हुआ था। इससे पता चला कि वह पेशाब करने के लिए आया लेकिन रेलिंग न होने से वह सीधा आगे को गिर गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके भाई को सौंप दिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।