कंडाघाट का दो दिवसीय गुग्गा माड़ी मेला शुरू
पहले दिन हुई कई खेलकूद प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट(सोलन)। सोलन विधानसभा क्षेत्र के कंडाघाट का दो दिवसीय गुग्गा माड़ी मेला सोमवार से शुरू हुआ। मेला पुराने कोर्ट रोड पर स्थित प्राचीन गुग्गा माड़ी मंदिर में पूजा अर्चना के साथ शुरू हुआ। इस दौरान पहले दिन खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं की म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में प्रथम रीना गुप्ता, द्वितीय भावना बंसल और तीसरे स्थान पर किरणजीत रहीं। इसके अलावा बच्चों की 50 मीटर दौड़ में 12 वर्ष तक आयुवर्ग में दिव्यांश प्रथम, भार्गव दूसरे और कर्ण तीसरे स्थान पर रहा। इसी वर्ग में लड़कियों में नर्वदा पहले, ज्योति दूसरे और श्रेया तीसरे स्थान पर रहीं। जबकि आठ वर्ष से कम आयुवर्ग में पारस पहले, रुद्र दूसरे और अंशु तीसरे स्थान पर रहा। इसी वर्ग में लड़कियों में प्रियंका पहले, सपना दूसरे और तीसरे स्थान पर नेहा रही।
इस दौरान लोगों ने खरीदारी का खूब लुत्फ उठाया। मेले में मिठाई, खिलौनों समेत अन्य कई तरह की दुकानें लगाई गई थीं। हालांकि दोपहर बाद मेले में बारिश भी हुई, जिससे काफी देर तक मेला थम गया। दुकानदारों को अपना सामान भी समेटना पड़ा। वहीं कुश्ती के लिए विख्यात इस मेले में मंगलवार को हिमाचल पंजाब, दिल्ली, हरियाणा सहित उत्तरी भारत के कई राज्यों से पहलवान शामिल होंगे। नगर पंचायत कंडाघाट के उपाध्यक्ष मनीष सूद ने बताया कि इस साल पहलवानों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।