सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं। आलम यह है कि केंद्र में पिछले कई माह से रेडियोग्राफर का पद रिक्त पड़ा है। हालांकि चंडी से रेडियोग्राफर की तैनाती की गई है। लेकिन, वह सिर्फ तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ही सेवाएं देता है। अन्य दिनों में मरीजों को सोलन या परवाणू का रास्ता दिखा दिया जाता है। ऐसे में लोगों को निजी क्लीनिकों में एक्सरे करवाने जाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि धर्मपुर क्षेत्र नेशनल हाईवे के साथ होने के चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं। लेकिन, अस्पताल में एक्सरे सुविधा न मिलने के कारण मामले सोलन रेफर कर दिए जाते हैं। स्थानीय निवासी कमलेश, राम दत्त, दिनानाथ, सूर्य प्रकाश, नरेंद्र, कंचन, कुलदीप ने बताया कि पंचायत के माध्यम से कई बार स्वास्थ्य विभाग को समस्या के बारे में बताया जा चुका है।
10 हजार की आबादी प्रभावित
धर्मपुर पंचायत के तहत आसपास के गांव में करीब 10 हजार की आबादी रहती है। इसमें जाबली, कुमारहट्टी, भोजनगर, डगशाई, रौड़ी, सुबाथू, गढ़खल, धर्मपुर, कंडा, बडोग आदि क्षेत्रों से लोग इलाज के लिए धर्मपुर पहुंचते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में निराशा झेलनी पड़ती है।