बिरला क्लब में सात दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। औद्योगिक नगर बद्दी स्थित धागा मिल की बिरला टेक्सटाइल काॅलोनी में कर्मचारियों के परिवारों के लिए सात दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया है। योग का प्रशिक्षण किशोर योग एकेडमी के संचालक डॉ. किशोर ठाकुर द्वारा दिया जा रहा है।
पहले दिन के सत्र में उन्होंने शरीर के प्रत्येक अंग को स्वस्थ व लचीला बनाने के लिए सुक्ष्म क्रिया योग, वक्रासन, पश्चिमोत्तानासन, गौमुखआसन, मंडुकासन, शशांक आसन तथा चक्कीचालन क्रिया का अभ्यास करवाया। उन्होंने बताया कि लाइफस्टाइल बीमारियां जैसे सरवाईकल, बैक पेन, स्लिप डिस्क, कंधा जाम, फ्रोजनशोल्डर, मोटापा, बीपी, तनाव से बचने के लिए यह आसन प्रतिदिन करने जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को होने वाली शारीरिक समस्याओं के समाधान के लिए विशेष टिप्स भी दिए। शिविर आयोजक शिखा अरोड़ा ने महिलाओं से आह्वान किया कि सभी परिवार सहित योग सीखें, योग से जुड़ें और योगमय जीवन अपनाकर रोगरहित तथा तनावरहित जीवन अपनाएं। इस अवसर पर मीना ठाकुर, मंजु रोहिला, किरण डोगरा, ममता राय, हेमा जोशी, नीरू शर्मा, अनिता शर्मा, मीनू सिंह, सुमन शर्मा, रीना ठाकुर, बबीता झा, शालू राठौर आदि मौजूद रहीं।