नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में एक कंपनी में काम करने पंजाब से आई एक युवती के साथ पंजाब के एक युवक ने सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक दुष्कर्म किया। युवती के अनुसार दो बार उसका गर्भपात भी करवाया गया है। लेकिन युवती के जन्मदिन पर उसके क्वार्टर आए युवक से युवती ने विवाह का प्रस्ताव रखा और तीन माह से गर्भ की बात कही तो युवक तिलमिला गया और बच्चे को गिराने की बात कही। इसे जान से मारने की धमकियां देने लगा।
युवती को जब इस बात का पता चला कि युवक किसी अन्य युवती से विवाह करने की फिराक में है तो उसने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। महिला पुलिस थाना बद्दी में दर्ज रिपोर्ट में युवती का कहना है कि इसकी गुरदीप सिंह उर्फ राजू पुत्र रानी देवी निवासी गांव नाभा टिंगी तहसील नाभा जिला पटियाल पंजाब से सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई और राजू ने इसे झूठे प्यार में फंसा कर शादी का झांसा दिया और पिछले डेढ़ साल से शारीरिक संबंध बनाए। राजू ने इस दौरान दो बार गर्भपात भी करवाया और शादी करने से आनाकानी करता रहा।
इसके जन्मदिवस पर राजू इसके क्वार्टर पर आया तो इसने उसे बतलाया कि वह तीन माह के गर्भ से है और वह उससे शादी कर ले। इस पर राजू ने कहा कि वह इस बच्चे को गिरा दे और जान से मारने की धमकियां देने लगा। इसके बाद उसके भाई और दोस्तों ने फोन पर इसे जान से मारने की धमकियां दीं। पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।