परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर, शिकायत पर मामले की जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। परवाणू के साथ लगते एक गांव में महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जिसमें महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार रविवार को कीका राम निवासी गांव देहला डाकघर ढ़गयार तहसील पच्छाद जिला सिरमौर ने शिकायत दी है कि उसने अपनी बेटी की शादी गांव नकयार में संजय कुमार के साथ वर्ष 2011 में की थी। पिछले तीन सालों से उसका समधी प्रकाश चंद व समधन रेणुका देवी इसकी बेटी हीरा देवी को प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। शनिवार शाम को प्रकाश चन्द ने उसे फोन पर बताया कि उसकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उधर, मामले की पुष्टि डीएसपी परवाणू प्रणव चौहान ने की है, उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिसमें दोनों पक्षों से पूछताछ भी की जा रही है।