बद्दी (सोलन)। बीबीएन में मंगलवार का दिन काफी गर्म रहा। दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिन के समय गर्म लू चलने से लोग बेहाल रहे। गर्मी से बचने के लिए लोगों ने जगह-जगह ठंडे पानी के प्याऊ लगाए। रिक्शा, टेंपो और बाइक पर लोग गर्मी से बेहाल रहे। उधर, लगातार लू चलने से अस्पताल में निर्जलीकरण के रोगियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। वायरल फीवर के रोगी भी आने शुरू हो गए हैं।
टेंपो चालक अवतार सिंह ने बताया कि इतने अधिक तापमान से तारकोल पिघलनी शुरू हो जाती है जिससे टायर के निशान सड़क पर छपने शुरू हो गए हैं।
यशपाल सिंह और महेश कुमार ने बताया कि लू लगने से उल्टी और दस्त की चपेट में आ गए हैं। बद्दी अस्पताल से उपचार करवा रहे हैं। उधर, बद्दी अस्पताल के एसएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि गर्मी से बचने के लोग जरूरी काम से ही घर से बाहर निकलें और सिर पर कपड़ा व टोपी लगाकर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और अधिक पानी पीएं। लू लगने पर रोगी को उपचार के लिए चिकित्सालय लाएं।