सोलन में अचानक हुई बारिश के बाद बड़ी से ठडं को लेकर गर्म कपड़े पहनकर गुजरते लोग।
- फोटो : SOLAN
सोलन। बारिश से मौसम में आए बदलाव के बाद जिला भर में तापमान गिरा है। बुधवार को दिन में सोलन शहर का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम के समय तापमान पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक बना रहा। पिछले 24 घंटे में शहरवासियों ने भीषण ठंड का सामना किया। शहर में लगातार लग रहे बिजली कट की वजह से हीटर सहित दूसरे विद्युत उपकरण भी नहीं जल सके।
हालांकि, बिजली बोर्ड ने मौसम खराब होने से पहले जरूरी मरम्मत के चलते दिन भर के लिए कट लगाए थे। उसके बाद बारिश होने से अचानक लोड बढ़ गया और अब बार-बार विद्युत सप्लाई में तकनीकी गड़बड़ी होने से लोगों को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। बुधवार को दोपहर 12 बजे तक हल्ही बारिश होती रही। इससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे। शहर में जरूरी खरीदारी करने पहुंचे लोग भी यहां-वहां आग सेंकते नजर आए। मौसम की करवट के साथ ही कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों की भरमार बढ़ गई।
शिमला जाने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। नेशनल हाईवे पर दिल्ली, पंजाब, यूपी और गुजरात नंबर की गाड़ियां चल रही हैं। दिल्ली से शिमला जा रहे पर्यटकों मनीष कुमार, दिलीप व रोहित, आगरा से सत्येंद्र, राजेंद्र तिवारी व शारदा सहित पंजाब के संजय कुमार व अलोक सिंह ने बताया कि वे लंबे समय से हिमाचल आने की योजना बना रहे थे। यहां बर्फबारी देखने की उम्मीद से आए हैं।
उन्होंने बताया कि शिमला में रुककर बर्फ गिरने का इंतजार करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि आगामी एक या दो दिन में भारी बर्फबारी देखने को मिलेगी। उधर, एसडीएम रोहित राठौर ने बताया कि पिछले दो दिन से हल्की बारिश हो रही है। उपमंडल में फिलहाल कहीं भी नुकसान की घटना की सूचना नहीं है।