सोलन। अरसे से चले आ रहे शहर के पेयजल संकट को खत्म करने के लिए अब आईपीएच विभाग गिरि खड्ड में कुएं बनाएगा। इन कुओं के निर्माण से शहर और साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों को गिरि से 30 लाख लीटर पानी ज्यादा मिलेगा। साथ ही बरसात में गाद की वजह से पेयजल योजना के प्रभावित होने की संभावनाएं भी खत्म हो जाएंगी। शहर में साल भर एक सामान पेयजल वितरित होगा।
आईपीएच ने गिरि तट पर बनने वाले कुओं के लिए टेंडर भी मांगे गए हैं। विभाग की मानें तो कुओं के निर्माण से जहां लोगों को शुद्ध पानी मिल पाएगा। वहीं विभाग को लाखों लीटर पानी ज्यादा मिल पाएगा। खासतौर से बरसात के दिनों में पेश आने वाली पानी की किल्लत कम हो जाएगी। इससे लोगों को भी भरपूर पानी घरद्वार पर मुहैया करवाया जाएगा।
गौरतलब है कि विभाग ने कुछ माह पूर्व शहर में बरसात के दिनों में स्कीमों में गाद की गंभीर समस्या से निपटने के लिए सरकार को 15 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर भेजा था। जिसके उपर स्वीकृति की मुहर लगने के बाद विभाग को ढ़ाई करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी की गई है। जिसमें कुओं का निर्माण किया जाएगा। विभाग शुरूआत में 2 कुओं का निर्माण पानी की क्षमता को बढ़ाने के लिए करेगा। जिससे पेयजल क्षमता को बढ़ावा मिलेगा और शहर में पूरा साल पेयजल की कोई किल्लत नहीं रहेगी।
30 लाख लीटर पानी की क्षमता बढ़ेगी : सूद
सिंचाई एंव जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता सुमित सूद ने बताया कि गिरि योजना में कुओं के निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि योजना के पास दो कुओं के निर्माण से जहां 30 लाख लीटर पानी की क्षमता बढ़ेगी। वहीं पानी भी छन कर आएगा ओर बरसात के दिनों में पानी की समस्या नही झेलनी पड़ेगी।