आईटीआई पट्टा में आठ पंचायतों को 54 सदस्यों के लिए शिविर शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। पट्टा विकास खंड के नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों के लिए नए आईटीआई भवन पट्टा में चार दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कुल 157 वार्ड सदस्यों के लिए यह प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम सुबह 10:30 से शाम 4:45 बजे तक चलेगा। पहले बैच में गुल्लरवाला, भटोलीकलां, साईं, सौड़ी, हरिपुर संडोली, मंधाला, कालूझिंडा और बरोटीवाला पंचायतों के 54 वार्ड सदस्य भाग ले रहे हैं। दूसरा बैच 15 से 18 सितंबर तक आयोजित होगा, जिसमें बढ़लग, जाडला, घडसी, चंडी, दाड़वा, कृष्णगढ़, मंडेसर, जगजीतनगर और बुधार कनैता पंचायतों के 53 सदस्य शामिल होंगे। तीसरा बैच 21 से 24 सितंबर तक चलेगा, जिसमें पट्टानाली, केंढोल, चडियार, भावगुड़ी, सूरजपुर, गोयला, ढकरियाणा, बाड़ियां और नालका पंचायतों के 50 वार्ड सदस्य भाग लेंगे।
चार दिवसीय प्रशिक्षण सत्रों के दौरान खंड विकास अधिकारी कुलदीप सिंह, कनिष्ठ अभियंता मनोज पुंडीर और पंचायत सचिव प्रतिनिधियों को विभिन्न विषयों की जानकारी दे रहे हैं। प्रशिक्षण में 73वें संविधान संशोधन, प्रशासनिक ढांचे, बैठक संचालन और ग्राम सभा से संबंधित विषय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ई-परिवार रजिस्टर, ऑनलाइन जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, बजट और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी भी दी जा रही है। पंचायतों में होने वाले निर्माण कार्यों के तकनीकी प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अन्य महत्वपूर्ण सत्र
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की सदस्य प्रिया सोनी मिशन की योजनाओं और गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी देंगी। कृषि, पशुपालन, बाल विकास धर्मपुर, तहसील कल्याण बद्दी, पुलिस और अग्निशमन विभागों के सहयोग से भी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान न्यायिक कार्यों, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा नशा निवारण, पोक्सो, घरेलू हिंसा अधिनियम और आपदा प्रबंधन जैसे सामाजिक मुद्दों पर व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा सतत विकास लक्ष्यों तथा ई-ग्राम स्वराज, एनआईआरएनएवाई और समर्थ जैसे महत्वपूर्ण ई-पोर्टलों के संचालन के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।