दिग्गल काॅलेज में सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में शुरू हुए सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन हो गया। समापन में मुख्यातिथि कार्यकारी प्राचार्य डॉ. हेतराम तथा पंजाब नेशनल बैंक दिग्गल वरिष्ठ प्रबंधक रविकांत पंवर रहे। इसके साथ महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक वर्ग के सभी सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय एनएसएस स्वयंसेवक साक्षी शर्मा एवं कंचन ने मंच संचालन करते हुए सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यातिथि ने मां सरस्वती की प्रतिमा के आगे दीप जलाया और छात्राओं ने सरस्वती वंदना की। तदोपरांत एनएसएस प्रभारी डॉ. मिलन प्रीत ने शिविर के सात दिनों की गतिविधियों का ब्यौरा दिया। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने पंजाबी भंगड़ा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने स्थानीय लोक नृत्य से भी समां बांधा।
मुख्यातिथि रविकांत ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए एक निर्धारित लक्ष्य होना आवश्यक है और उसके साथ ही उस लक्ष्य की ओर हर छोटा-छोटा प्रयास जरूरी है।