सोलन कॉलेज में एनएसएस शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन के ऑडिटोरियम हॉल में सात दिवसीय आवासीय एनएसएस शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। यह शिविर 18 दिसंबर से चल रहा था। शिविर में 95 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सात दिनों तक स्वयंसेवकों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से सेवा का संदेश दिया। समापन अवसर पर स्वयंसेवकों ने रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. घनश्याम सिंह सोनी और डॉ. प्रियंका मुलतानी की देखरेख में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का महत्व समझाया। कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. रेनू बाला ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शिरकत की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में समाज सेवा की भूमिका को आवश्यक बताया और स्वयंसेवकों को एनएसएस के मूल मंत्र स्वयं से पहले आप को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह में कॉलेज के अन्य छात्र और संपूर्ण स्टाफ भी उपस्थित रहे। प्राचार्या ने पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की और स्वयंसेवकों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।