दिग्गल कॉलेज में चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में ईको क्लब, एनसीसी एवं एनएसएस की सहभागिता से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ईको क्लब के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट, एनएसएस के स्वयंसेवियों के साथ-साथ महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्राचार्य डॉ. हरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व से अवगत करवाते हुए महाविद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर के चारों ओर साफ सफाई की। उन्होंने घास और झाड़ियों को साफ किया। उसके बाद महाविद्यालय में ईको क्लब के तहत लगाए पौधों एवं फूलों की सुरक्षा के लिए क्यारियों का निर्माण किया। यह अभियान कॉलेज के ईको क्लब की अध्यक्ष डॉ. सुनीता शर्मा, एनसीसी इकाई के अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार और एनएनएस इकाई के अध्यक्ष प्रो. राहुल की देख-रेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. हेतराम, डॉ. सुदर्शना शर्मा, प्रो. धर्मेंद्र कुमार, प्रो. ममता शर्मा, प्रो. रीनू शर्मा, कार्यालय अधीक्षक पूर्ण ठाकुर, लिपिक देवराज उपस्थित रहे।