अब 144 स्कूलों में विद्यार्थियों को मिलेगा किताबी ज्ञान संग कौशल विकास का लाभ
उद्योगों का भ्रमण कर विद्यार्थी लेगे तकनीकी जानकारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास की जानकारी देने के उद्देश्य से सोलन जिले के 39 नए वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में व्यावसायिक (वोकेशनल) विषय शुरू कर दिए गए हैं। इन स्कूलों को समग्र शिक्षा अभियान के तहत शामिल किया गया है। इस विस्तार के बाद अब जिले में वोकेशनल विषयों की कक्षाएं चलाने वाले स्कूलों की कुल संख्या 105 से बढ़कर 144 हो गई है। यह पहल विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनकर भविष्य के लिए तैयार होने का अवसर देगी। वोकेशनल शिक्षा के तहत 15 विषय शामिल किए गए हैं।
ये रहे नए शामिल किए स्कूल
नए जोड़े गए स्कूलों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चमधार, डुमैहर, डोली, दाड़वा, सनावर, बघेल, बवासी, दानोघाट, गनोल, कक्कड़हट्टी, पट्टाबरोरी, रोड़ी, सुबाथू, घणायच, पंजल, कदौर, क्वारग, दुर्गापुर, जगजीत नगर, गुनाह, मस्तानपुर, मलहेनी, पल्ली, पुर्ला, सेरचराग, शेरन, छयाछी, लगदाघाट, मनलोग, कोटला, पट्टा, भाटिया, लोधीमाजरा, चनाल माजरा, हरिपुर संढोली, अर्की और चंडी शामिल हैं।
छात्राें को ये विषय पढ़ाए जाएंगे
वोकेशनल जिला समन्वयक संदीप ने बताया कि 15 विषयों में टूरिज्म, टेलीकॉम, सुरक्षा, रिटेल, प्लंबर, मीडिया, आईटी, हेल्थकेयर, इलेक्ट्रॉनिक एंड हार्डवेयर, बीएफएसआई, ब्यूटी एंड वेलनेस, कृषि, फूड प्रोसेसिंग समेत अन्य विषय शामिल हैं। विद्यार्थी अपनी मर्जी से विषय का अध्ययन कर सकते हैं।
कोट
नए स्कूलों को जोड़ने के साथ ही बच्चों को विभिन्न विषयों में वोकेशनल शिक्षा दी जा रही है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को संबंधित उद्योगों का भ्रमण कराकर भी जानकारी हासिल करने का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें व्यावहारिक ज्ञान मिल सकेगा।
डॉ. राजेंद्र वर्मा,जिला अधिकारी,समग्र शिक्षा