सोलन-लगेजघाट बस सुविधा व पेयजल आपूर्ति न होने पर कुमारहट्टी बाजार में ही नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले की ग्राम पंचायत कोरों-कैंथडी और चेवा में बस व पानी की सुविधा न मिलने पर लोग मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए है। ग्रामीणों ने मंगलवार को कुमारहट्टी बाजार में पथ परिवहन निगम और जल शक्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही आरोप लगाए कि सरकार लोगों को बस सुविधा और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता को तरसा रही है। यह पूरी तरह से गलत है क्योंकि लोगों को इससे परेशान होना पड़ रहा है। पंचायत की ओर से कई बार विभागों को पत्र दिए जा चुके हैं। लेकिन विभाग कोई ने ध्यान नहीं दिया है। ऐसे में लोगों को मजबूरी में अपने साधनों का ही प्रयोग करना पड़ रहा है। धरना प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी कि यदि समस्याओं को जल्द हल न किया तो सात पंचायतें मिलकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर रोष व्यक्त करेगी। कोरों में लोगों को पेयजल सुविधा देने के लिए तीन साल पहले लाखों रुपये खर्च कर पाइपें बिछाई गई। लेकिन उस पाइप लाइन से आज तक एक बूंद तक नहीं टपकी। वहीं, नवनिर्मित टैंकों की हालत भी बिना पानी के खराब हो गई। टैंक टूटने की कागार पर पहुंच चुके हैं। यहीं नहीं पानी की खुले में पड़ी हुई पाइप भी कुछेक जगहों में चारी हो गई है। लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में गिरि पेयजल योजना से सात पंचायतों को फायदा देने के लिए योजना तैयार हुई। लेकिन वर्तमान सरकार ने उस पर कोई गौर नहीं किया है। दूसरी ओर गांव को आने-जाने के लिए पथ परिवहन सेवा ही बंद कर दी गई है। इससे लोगों को लगेजघाट से आठ किलोमीटर तक पैदल चलकर गंतव्य स्थानों पर पहुंचना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सोलन-कुमारहट्टी-लगेजघाट बस का फायदा लोगों और स्कूली बच्चों को होता था। लेकिन निगम ने अपनी मर्जी से बस को बंद कर दिया है। वहीं, मौके पर पहुंचे जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता सुभाष कुमार ने बताया कि लोगों को जल्द पानी की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इसी के साथ पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि लोगों को आ रही समस्या का जल्द हल निकाला जाएगा और निर्धारित समय पर बस सुविधा लोगों को दी जाएगी।
जल शक्ति विभाग की ओर से कोई ध्यान क्षेत्र की तरफ नहीं दिया जा रहा है। लाखों रुपये खर्च कर तैयार किए गए टैंक देखरेख के अभाव में जर्जर हालात में हैं। इसी के साथ पथ परिवहन निगम की ओर से भी बस सुविधा बंद कर दी है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत आ रही है।
नरेंद्र ठाकुर, प्रधान, ग्राम पंचायत कोरों-कैंथड़ी