बरोटीवाला थाना क्षेत्र के तहत भटोलीकलां स्थित राधे श्याम कॉलोनी में 22 वर्षीय युवक ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान राजू पुत्र बाबू राम के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के जिला जलौन के बबुई गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार राजू छोटे भाई सुमित के साथ भटोलीकलां की राधे श्याम कॉलोनी में किराये के कमरे में रहता था। वह कुछ समय से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। वह अधिकतर समय कमरे में ही रहता था। मंगलवार शाम उसने छोटे भाई सुमित के साथ खाना खाया। इसके बाद सुमित नाइट ड्यूटी पर चला गया। सुमित के ड्यूटी पर जाने के बाद राजू ने पिता को फोन किया। फोन पर दोनों के बीच बहस हो गई। इसी दौरान राजू ने फांसी लगाने की धमकी भी दी।
राजू के पिता उस समय उत्तर प्रदेश में अपने गांव में थे। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही राजू के दादा उसे देखने कमरे पर पहुंचे। उस समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। झांकने पर देखा गया कि राजू पंखे से लटका हुआ है। इसी बीच ड्यूटी से लौटे सुमित ने भी इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर राजू को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को नालागढ़ में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।