विद्युत सब स्टेशन कुनिहार से 1.10 लाख के कंडक्टर थे चुराए
पुलिस ने दो नेपाली और एक स्थानीय आरोपी को पकड़ा, सामान भी जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। विद्युत सब स्टेशन कुनिहार में एल्युमिनियम कंडक्टर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से चोरी किया सामान भी बरामद किया है। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि जेई कांशी राम विद्युत सब स्टेशन कुनिहार ने पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज करवाया था कि 19/20 जनवरी की रात वे सहकर्मियों के साथ रात्रि ड्यूटी पर थे। इस दौरान उन्हें सब स्टेशन के यार्ड में सामान गिरने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने संदिग्ध लोगों की गतिविधियां नोटिस कीं। जब वे यार्ड में गए तो इन्हें वहां से कुछ लोग सामान चोरी करके भागते हुए दिखे। यार्ड में सामान चेक करने पर पाया गया की वहां से एक एल्युमिनियम कंडक्टर चोरी हो गया है। इसकी कीमत लगभग 1.10 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों अवलोकन करने पर चोरी की वारदात में संलिप्त तीन आरोपियों सुनील कुमार निवासी गांव कुमाहरडी देलगी, ओम प्रकाश निवासी गांव भोटे चोर व जिला छिंछु थाना सुरकेत नेपाल हाल निवासी विकास नगर शिमला और कमल निवासी गांव व डाकखाना शमशेरगंज तहसील व जिला नेपाल गंज नेपाल हॉल रिहायश सलोगड़ा सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से चोरी किया एल्युमिनियम कंडक्टर भी बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल गाड़ी मोहिंद्रा वीरो को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।