दाड़लाघाट(सोलन)। बागा में ट्रक ऑपरेटरों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। कंपनी की तरफ से समझौते का प्रस्ताव नहीं आने के बाद बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने सीमेंट कंपनी के यूनिट हेड की अर्थी निकाली। ऑपरेटर अर्थी लेकर कंपनी गेट पर पहुंचे और उन्होंने गेट के बाहर प्रदर्शन करने के बाद उसे आग लगा दी। कंपनी गेट के 200 मीटर के दायरे में प्रदर्शन पर रोक से बेपरवाह ट्रक ऑपरेटर काफी देर तक नारेबाजी करते रहे।
इस दौरान वहां मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया। लेकिन ऑपरेटर नहीं माने और अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद संघर्ष एवं कल्याण समिति की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता समिति सदस्य अजीत सिंह सेन ने की। इस बैठक में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी और ऑपरेटरों के बीच ढुलाई कार्य को लेकर चल रहे विवाद पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित सभी समिति सदस्यों ने इस मसले पर अपने विचार रखे। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कंपनी के अड़ियल और तानाशाही रवैये के चलते आंदोलन को जारी रखा जाए और इस गतिरोध को खत्म करने के लिए प्रशासनिक और राज्य सरकार मध्यस्थता की आवश्यकता जरूरी है। इस मौके पर ऑपरेटरों ने कहा कि अल्ट्राटेक कंपनी प्रशासनिक स्तर पर माल ढुलाई संबंधी गलत आंकड़े प्रस्तुत कर रही है। साथ ही स्थानीय जन समुदाय की गलत तस्वीर प्रस्तुत कर उनकी छवि खराब कर रही है।
कंपनी के अड़ियल रवैये के चलते असहाय एवं लाचार ट्रक ऑपरेटरों पर आर्थिक संकट के बादल गहराते जा रहे हैं। फाइनेंसर उनकी गाड़ियां उठाने को आतुर हैं। कंपनी की तानाशाही के चलते यह भी निर्णय लिया कि यदि कंपनी लिखित अनुबंध के आधार को लागू नहीं करती तो एक व्यापक रोजी-रोटी बचाओ अभियान छेड़ दिया जाएगा। इसमें स्थानीय ऑपरेटरों के अलावा दाड़लाघाट, बरमाना के हितधारक भी भाग लेंगे। इस मौके पर यतेश्वर शर्मा, जितेंद्र पिंका, वीरेंद्र, चुन्नी लाल, भगत राम, कैला शर्मा, कैलाश महाजन, सुखदेव चोपड़ा, पूर्व बीडीसी दीप लाल, मांगल पंचायत प्रधान दीप चंद शर्मा, पूर्व उपप्रधान मांगल रत्न लाल, सीता राम ठाकुर, प्रताम कौंडल और कमेटी सदस्य प्रेम लाल चौहान मौजूद रहे।