पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में किया पेश, तीन दिन का रिमांड
18 अप्रैल को मुख्य बाजार के पास की थी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के मुख्य बाजार में बीते माह हुई चोरी के मामले में सदर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गहनों और नकदी में से करीब 1.30 लाख रुपये का सामान भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 18 अप्रैल 2026 की है। सोलन की अंजलि ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य घर पर ताला लगाकर काम से बाहर गए थे। दोपहर करीब 1:15 बजे जब वे घर लौटीं तो घर और ऊपरी मंजिल के कमरों के ताले टूटे मिले। अलमारी से सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई थी।
पुलिस अधीक्षक टीएसडी वर्मा ने बताया कि तुरंत जांच शुरू की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के आधार पर पुलिस ने 11 मई 2026 को मंडी जिले में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल निवासी सुधा मोहल्ला, मंडी तथा मेहर चंद पुत्र उत्तम चंद निवासी दलशानी तहसील भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को सोलन लेकर पहुंची और अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
रिमांड के दौरान पूछताछ में अब तक करीब 1.30 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया जा चुका है। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अन्य कितनी वारदातों में शामिल रहे हैं। शेष सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं।