नालागढ़(सोलन)। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए एसडीएम कार्यालय नालागढ़ में बैठक का आयोजन किया गया। एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में कोरोना महामारी से बचाव से जुड़े पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना की रोकथाम में टीकाकरण सबसे महत्वपूर्ण है। टीकाकरण अभियान में गुणात्मक सुधार के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। टीकाकरण के अलावा कोविड-19 से संबंधित जांच तथा संक्रमित व्यक्तियों का तुरंत उपचार करना भी अहम है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में ट्रक और अन्य वाहन चालकों के टीकाकरण तथा कोविड-19 से संबंधित जांच के लिए विशेष प्रयास किए जाएं ताकि जरूरी सेवाओं के लिए विभिन्न स्थानों पर आने जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। एसडीएम ने कहा कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर के संभावित खतरे की रोकथाम के लिए अभी से प्रयास किए जाने की जरूरत है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने रोजमर्रा जीवन में न केवल खुद कोरोना महामारी से बचाव के अनुकूल व्यवहार अपनाएं बल्कि अपने बच्चों को भी इसके लिए प्रेरित करें। महामारी की रोकथाम के विषय में समय-समय पर प्रशासन व सरकार से दी जा रही हिदायतों को अपने जीवन में अपनाएं। हाल ही में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कुछ कमी अवश्य आई है लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।
उन्होंने अपील की कि अभी भी केवल बहुत जरूरी होने पर ही एक ही व्यक्ति घर से बाहर जाएं। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ. केडी जस्सल, नोडल ऑफिसर कोविड-19 बीबीएन डॉ. गगनदीप राजहंस और खंड विकास अधिकारी विश्व मोहन देव चौहान भी उपस्थित रहे।