नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़-स्वारघाट राष्ट्रीय मार्ग पर कुंडलू गांव के समीप एक ट्रक के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई है। मृतक चालक अर्की तहसील के बड़ोग गांव का रहने वाला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार दाड़लाघाट से एक ट्रक में क्लींकर भर कर नवानगर स्थित अंबुजा सीमेंट कंपनी की ओर आ रह था। कुंडलू के समीप अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इससे मौके पर ही चालक गोपाल (44) की मौत हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना जोघों पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने चालक को खाई से निकाला और इसकी सूचना चालक के परिजनों को दी गई। वहीं, शव का नालागढ़ अस्पातल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी श्याम लाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।