बागा स्थित अल्ट्राटेक कंपनी परिसर में पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आए ट्रक। (संवाद)
अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी बागा परिसर में हुआ हादसा, तीन ट्रक आए चपेट में
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी बागा (मांगल) परिसर में टोकन पॉइंट के पास वीरवार सुबह भारी बारिश के बीच सड़क से लगती पहाड़ी अचानक दरक गई। पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर सड़क की ओर आने से अनलोडिंग के लिए खड़े तीन ट्रक मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं मलबे की चपेट में आने से एक ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि दो अन्य ट्रकों को मामूली क्षति हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 6:45 बजे यूटीसीएल कंपनी बागा के टोकन पॉइंट के पास सड़क के साथ लगती पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने शुरू हुए। इसी दौरान पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक गया और भारी मात्रा में मिट्टी व पत्थर सड़क पर आ गिरे। इस दौरान सड़क पर अनलोडिंग के लिए खड़े तीन ट्रक मलबे की चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि तीनों ट्रक कंपनी में अनलोडिंग के लिए पहुंचे थे और टोकन पॉइंट के पास सड़क पर खड़े थे। पहाड़ी से पत्थर गिरते देख चालकों ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और सतर्कता बरती। उनकी सूझबूझ के चलते किसी चालक या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई और बड़ा हादसा होने से टल गया। भूस्खलन के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मलबे की चपेट में आने से एक ट्रक को काफी क्षति हुई, जबकि दो ट्रकों को मामूली नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलने के बाद कंपनी की ओर से सड़क पर गिरे मलबे को हटाने का कार्य किया गया। कंपनी द्वारा सड़क को मलबे से साफ कर यातायात की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जान-माल के अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी से हुए इस भूस्खलन ने कंपनी परिसर में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।