कान्हा के लिए रंग-बिरंगी पोशाकें, मुकुट झूले और बांसुरी खरीद रहे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जन्माष्टमी पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजारों में दुकानें रंग-बिरंगी पोशाकों से सज गई है। वीरवार को शहर के मालरोड, अपर बाजार, लोअर बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। सबसे ज्यादा भीड़ फलों, मिठाइयों और कपड़ों की दुकानों में रही। इस दौरान भक्तों ने कृष्ण भगवान के लिए सुंदर पोशाकों का चयन किया। साथ ही भोग के लिए मिठाइयां और फल भी खरीदे।
जन्माष्टमी पर घरों में कृष्ण भगवान की मूर्ति सजाने के लिए श्रद्धालु रंग-बिरंगी पोशाकें, चुनरियां, मोरपंख, मुकुट, बांसुरी, झूले, कान्हा का शृंगार आदि खरीद रहे हैं। दुकानों में कान्हा के लिए अलग-अलग रंगों और डिजाइन की पोशाकें उपलब्ध हैं। लोग अपने घरों में विराजमान लड्डू गोपाल के लिए नई पोशाक और शृंगार का सामान खरीद रहे हैं। वहीं माताएं अपने बच्चों को राधा और कृष्णा का रूप देने के लिए भी रंग-बिरंगी पोशाकें, आल्ता, बिंदी, चूड़ियों, पायल, कमरबंद और बाजूबंद खरीद रही हैं। बाजारों में कई दुकानदारों ने जन्माष्टमी को देखते हुए दुकानों को विशेष रूप से सजाया है। दुकानों के बाहर सजे झूले, पोशाकें और सजावटी सामान राहगीरों का ध्यान खींच रहे हैं। बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे लोग एक दुकान से दूसरी दुकान पर जाकर सामान की वैरायटी और दाम देख रहे हैं। इससे बाजार में सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक चहल-पहल रही।
बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं में ज्योति और सुनैना ने बताया कि बहुत सुंदर कृष्ण भगवान की मूर्ति खरीदी है साथ ही झूले और बिस्तर भी खरीदेंगी। शुक्रवार को सुबह मूर्ति को स्नान करवा कर विशेष पूजा करेगी और उपवास भी करेगी। रात 12:00 बजे कृष्ण भगवान की आरती कर उपवास खोलेगी।
इनसेट
बच्चों में जन्माष्टमी उत्सवों के लिए खासा उत्साह
छोटे बच्चों में भी कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह है। बाजारों में सजी रंग-बिरंगी पोशाकें बच्चों को खूब लुभा रही हैं। बच्चे भी अपने माता-पिता के साथ बाजारों में आकर खरीदारी कर रहे हैं। साथ ही घरों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए अपनी पसंद की पोशाकें और शृंगार का सामान खरीद रहे हैं। कुछ बच्चे राधा, कृष्ण का रूप धारण कर बाजारों में इधर-उधर घूम रहे हैं।