रेंग-रेंगे कर चलती रहीं दिनभर गाड़ियां, वाहन चालक हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली (सोलन)। गड़खल के पंचराहा चौक पर रविवार को वाहनों की भारी आवाजाही के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रहा। सुबह से ही वाहनों का दबाव बढ़ने लगा, जिससे गाड़ियां काफी देर तक रेंगती नजर आईं। लंबित गड़खल बाईपास पुल का निर्माण पूरा न होने से जाम की समस्या जब तब होती है। पुलिस कर्मियों की तैनाती के बावजूद यहां जाम लगना आम बात हो गई है।
चौक और आसपास की सड़कें बेहद संकरी हैं। वाहनों को मोड़ने और आमने-सामने से निकलने में चालकों को परेशानी हुई। पंचराहा चौक से कसौली, गड़खल और अन्य संपर्क मार्गों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। संकरी सड़कों पर एक साथ कई वाहनों के पहुंचने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों की सक्रियता से पूर्ण जाम की स्थिति नहीं बनी, लेकिन वाहन चालकों को सामान्य से करीब दोगुना समय सफर में लगा।
इनसेट
बाईपास पुल का काम जल्द पूरा करने की मांग
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि पंचराहा चौक को जाम से राहत दिलाने के लिए गड़खल बाईपास पुल प्रस्तावित है। इसका निर्माण कार्य कई वर्षों से चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। काम की धीमी गति के कारण सारा यातायात पंचराहा चौक की संकरी सड़कों से होकर गुजर रहा है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बाईपास पुल का अधूरा निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे पर्यटन सीजन और सप्ताहांत में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी जाम से राहत मिलेगी।