मृतक व्यक्ति पंजाब के पटियाला का रहने वाला था
बद्दी साई मार्ग पर दावत चौक के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी साई मार्ग पर दावत चौक के समीप पैदल जा रहे एक व्यक्ति की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान मोहन लाल (39) पंजाब के पटियाला के गांव बलबेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पटियाला निवासी मोहन लाल बद्दी में ट्रैक्टर मरम्मत का कार्य करता था। बद्दी साईं मार्ग पर दावत चौक के समीप वह हनुमान चौक की ओर पैदल जा रहा था। इस बीच एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे बद्दी अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक घटना के बाद फरार हो गया।
डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। उसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। ट्रक नंबर के आधार पर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।