पंजाब से फसल आने से स्थानीय किसान मायूस
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र से टमाटर की खेप सोलन सब्जी मंडी पहुंचनी शुरू हो गई है। मंडी में टमाटर पहुंचते ही इसके दाम में भारी गिरावट दर्ज की गई है। टमाटर के दाम में 200 तक की कमी आई है। अब प्रदेश के किसानों को मात्र 300 रुपये प्रति क्रेट तक ही दाम मिल पा रहे हैं।
बाजार विशेषज्ञों और आढ़तियों के मुताबिक स्थानीय टमाटर के साथ-साथ पंजाब से भी फसल आ रही है। पंजाब का टमाटर बाजार में आने के कारण स्थानीय किसानों को उनके उत्पाद अच्छे दाम नहीं मिल पा रहे हैं। उम्मीद के मुताबिक कीमत न मिलने से क्षेत्र के टमाटर उत्पादक बेहद मायूस हैं। हालांकि आढ़तियों की माने तो टमाटर के दामों में आई यह मंदी ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। उम्मीद है कि 20 जून के बाद बाजार की स्थिति में सुधार होगा और टमाटर के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मंडी समिति के सचिव राघव सूद ने बताया कि स्थानीय टमाटर की आवक शुरू हो गई है। अभी दाम बहुत कम हैं, इन दिनों बाहरी राज्यों में भी टमाटर की पैदावार चल रही है। कुछ दिनों बाद यहां पर टमाटर खत्म हो जाएगा। इसके बाद प्रदेश के टमाटर के दामों में उछाल आने की उम्मीद है।