सोलन। कोविड के बीच इस बार किसानों को टमाटर के अच्छे दाम मिल रहे हैं। सोलन सहित सिरमौर जिले के अधिकतर क्षेत्रों में टमाटर की अगेती फसल खत्म हो चुकी है। इस कारण सब्जी मंडी में इसकी आवक भी बहुत कम हो गई है। इससे दामों में बढ़ोतरी हुई है।
25 किलो की क्रेट इन दिनों ग्रेड के हिसाब से 700 से 1200 रुपये तक की बिक रही है। इससे पहले 500 से 800 रुपये दाम किसानों को मिल रहे थे। अभी तक सब्जी मंडी सोलन में करीब एक लाख क्विंटल टमाटर पहुंच चुका है। जबकि इन दिनों बरसाती टमाटर चल रहा है, इस माह के अंत तक यह टमाटर भी खत्म हो जाएगा। इस बार कोविड के बीच किसानों को उनकी उत्पादों के अच्छे दाम मिले हैं। हालांकि कोविड के कारण किसानों को इस बार अच्छे दाम मिलने की उम्मीद नहीं थी। जिला सिरमौर, सोलन सहित शिमला के कई क्षेत्रों से इस बार टमाटर की खेप सोलन सब्जी मंडी पहुंची है। इसमें शुरूआत से ही किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम मिले हैं।
शिमला मिर्च भी कर रही मालामाल
कोविड के बीच इस बार किसानों ने शिमला मिर्च की भी अधिक तैयार की है। शिमला मिर्च भी किसानों को इस बार मालामाल कर रही है। सीजन के शुरूआती दौर में शिमला मिर्च 15 से 25 रुपये तक बिकी। अब वही शिमला मिर्च 20 से 45 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से किसानों को दाम मिल रहे हैं। हालांकि शिमला मिर्च की फसल भी अब अंतिम चरण पर है। मिर्च का आकार छोटा पड़ गया है। इसके बावजूद इसके किसानों को सही दाम मिल रहे हैं।
मंडी में सब्जियों की अधिक मांग
मंडी समिति सोलन के सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि कोविड के बीच किसानों को उनके सभी उत्पादों के अच्छे दाम मिल रहे हैं। टमाटर, शिमला मिर्च इन दिनों 45 से 50 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रही है। इसके अलावा बीन, गोभी, हरी मिर्च के भी अच्छे दाम मिल रहे हैं। हालांकि अब सब्जियों की कम खेप मंडी पहुंच रही है। इसकी मांग अधिक है। इस कारण दामों में बढ़ोतरी हुई है।