बरयाली गांव में चोरों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति के घर में चोरी कर दो लाख की नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। ताला तोड़कर इस वारदात को बड़ी चालाकी से अंजाम दिया गया। इससे पड़ोसियों को भी भनक नहीं लग सकी है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शंकर लाल निवासी बरयाली ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सुबह नौ बजे वह परिवार के साथ खेतों में काम करने चले गए। साढ़े बारह बजे तक वह खेतों में ही रहे। वापसी में घर आकर देखा तो ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर का सारा सामान यहां-वहां पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। उधर, डीएसपी नरवीर सिंह राठौर ने चोरी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।