सोलन। जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति की बैठक सोलन में हुआ, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने की। इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति समुदाय के लिए व्यक्तिगत और आधारभूत विकास योजनाओं का कार्यांवयन कर उनका आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान करना है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत 53 मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग व महिला एवं बाल विकास विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके अधीनस्थ संस्थानों में भेदभाव अथवा छुआछूत की कोई भी घटना न हो।
राष्ट्रीय न्याय अधिनियम के तहत गठित स्थानीय स्तरीय समिति की बैठक में दो मामले कानूनी संरक्षक बनाने के लिए प्राप्त हुए। उपायुक्त ने कानूनी संरक्षण के लिए प्राप्त मामलों में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दिव्यांगजन छात्रों को छात्रवृत्ति योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में 6,90161 रुपये की राशि व्यय कर 63 पात्र छात्रों को लाभांवित किया गया।
इस दौरान 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस व इससे पूर्व होने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि 26 जून को सभी विभागों द्वारा विभिन्न स्तर पर अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस मनाया जाएगा। जि़ले में 25 जून तक नशा निवारण के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित कर नशा निवारण की दिशा में समाज को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
इन मदों पर भी चर्चा
बैठक में अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याणार्थ के लिए प्रधानमंत्री नया 15 सूत्री कार्यक्रम की एकीकृत बाल विकास योजनाओं, सेवाओं की उपलब्धता, विद्यालय शिक्षा की उपलब्धता को सुधारने, मदरसा शिक्षा का आधुनिकीकरण, अल्पसंख्यक समुदायों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, अल्पसंख्यक समुदायों वाली मलिन बस्तियों की स्थिति में सुधार, उर्दू शिक्षण के लिए अधिक संसाधन, मौलाना आजाद शिक्षा प्रतिष्ठान के माध्यम से शैक्षिक अवसंरचना, गरीबों के लिए स्वरोजगार और मजदूरी रोजगार योजना, ग्रामीण आवास योजना में उचित हिस्सेदारी, तकनीकी शिक्षा के माध्यम से कौशल उन्नयन जैसे मदों पर विस्तृत चर्चा की गई।
ये रहे मौजूद
बैठक में जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, जिला कार्यक्रम अधिकारी सोलन आरएस नेगी, पुलिस उप अधीक्षक सोलन भीष्म ठाकुर, समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।