सेालन में हिमाचल उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते नाटी किंग कुलदीप शर्मा। संवाद
नाटी किंग कुलदीप शर्मा के नाम रही सातवीं सांस्कृतिक संध्या
हिमाचल उत्सव में अन्य गायक कलाकारों ने भी बांधा समा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल उत्सव की सातवीं सास्कृतिक संध्या नाटी किंग कुलदीप शर्मा के नाम रही। उन्होंने अपनी नई पुरानी नाटियों से ऐसा समा बांधा की सभी दर्शक थिरकने को मजबूर हो गए। जिसमें उन्होंने नाटी लगी झूमदें, किंदी चले डिंपले, ढोलो रा धमका समेत अन्य कई नाटियों की प्रस्तुति दी।
इससे पहले संध्या में आए ख्याति प्राप्त बांसुरी वादक हरिदत्त भारद्वाज के बांसुरी वादन ने खूब वाहवाही बटोरी। सातवीं संध्या में आकर्षण के तौर पर पंजाब के गायक देवेंद्र गिल का कार्यक्रम हुआ। जूनियर गुरदास मान के नाम से मशहूर देवेंद्र गिल की अपने साजिंदों के साथ जबरदस्त जुगलबंदी से हिमाचल उत्सव पंजाब की समृद्ध संस्कृति से सराबोर हो गया।
सोलन के पुरस्कार विजेता लोक गायक जिया लाल ठाकुर की अगुवाई में सरगम कला मंच के कलाकारों ने पारंपरिक हिमाचली नाटियों को पारंपरिक वाद्य यंत्रो के साथ पेश कर बेहतरीन प्रस्तुति दी। इसके अलावा प्रिंस ने कॉमेडी के साथ-साथ पक्षियों की तरह-तरह की आवाजें निकाल कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। संध्या में एसजे डांसिंग जोन, नृत्यांगना एकडेमी, रूद्रम डांस एकेडमी, युवल शर्मा और संगीता शर्मा का डांस भी खूब पसंद किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि विशेष मेहमान के तौर पर मेरेडियन मेडिकेयर के चेयरमैन विनोद गुप्ता, कर्नल शांडिल की बेटी दीपाली, कांग्रेस नेता सरदार सिंह ठाकुर और नगर निगम में कांग्रेस के पार्षद भी मौजूद रहे। डायनामिक इंडिया युवा मंडल के संस्थापकों ने आए हुए सभी मेहमानों का स्वागत किया।