नालागढ़(सोलन)। उपमंडलाधिकारी नरेंद्र आहलूवालिया ने शहरी विकास विभाग की अधिसूचना के तहत नगर परिषद नालागढ़ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने वार्ड नंबर-8 से निर्वाचित अल्का को नगर परिषद अध्यक्ष और वार्ड नंबर-7 से निर्वाचित राजेश शर्मा को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। उपमंडलाधिकारी ने कहा कि नगर परिषद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी पार्षद टीम भावना के साथ कार्य करते हुए नालागढ़ शहर के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। इस अवसर पर नगर परिषद नालागढ़ के सभी नवनिर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे।