औद्योगिक नगरी बद्दी में प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा की जांच पर सवाल उठने लगे हैं। सामाजिक संस्थाओं का आरोप है कि बोर्ड ने वायु जांचने के लिए जहां स्टेशन स्थापित किए हैं वहां उद्योगों के बजाय आबादी अधिक है। लिहाजा यहां से वायु प्रदूषण के सही आंकड़े नहीं मिल सकते।
बीबीएन में प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा चार एयर पॉल्यूशन मानीटरिंग स्टेशन स्थापित किए हैं। यह स्टेशन बरोटीवाला आयुर्वेद औषधालय, डीआईसी भवन बद्दी, हाउसिंग बोर्ड एरिया बद्दी तथा नगर परिषद कार्यालय नालागढ़ में स्थापित किए हैं। इन स्टेशनों के आसपास उद्योगों की जगह लोगों की आबादी अधिक है। ऐसे में इन क्षेत्रों से ली जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर बद्दी शहर की आबोहवा को लेकर संतुष्ट रहना सही नहीं। गौरतलब है कि बीबीएन में करीब एक दशक से इन स्टेशनों से उद्योगों के प्रदूषण की रिपोर्ट ली जा रही है। इस एक दशक में बीबीएन में बोर्ड की ओर से कोई नया स्टेशन भी स्थापित नहीं किया है, न ही पुराने स्टेशनों को बदला है। इन स्टेशनों के चयन पर बीबीएन की एक सामाजिक संस्था की ओर से भी सवाल उठाए जा चुके हैं।
समाज कल्याण यंग स्टार क्लब बरोटीवाला के संस्थापक राजिंद्र राणा ने कहा कि बीबीएन में प्रदूषण की जांच को सही तरीके से अंजाम नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि जिन उद्योगों से बीबीएन में एयर पॉल्यूशन फैल रहा है उनके निकट कोई भी एयर स्टेशन मौजूद नहीं है। बीबीएन के झाड़माजरी, जुड्डी, स्वराजमाजरा, काठा, वर्धमान, बटोली और भाटिया जैसे क्षेत्रों में उद्योगों से सबसे अधिक प्रदूषण फैल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को एक विशेष फ्लाइंग टीम का गठन कर प्रदूषण की जांच करनी चाहिए।
बीबीएन में दो हजार से अधिक उद्योग
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में मौजूदा समय में दो हजार से अधिक उद्योग स्थापित हैं। इनमें लोह उद्योग, कपड़ा और धागा मिलें, बैटरी उद्योग सबसे अधिक प्रदूषण फैला रहे हैं। इन उद्योगों पर बोर्ड को विशेष जांच रखने की जरूरत है। लेकिन बोर्ड की एयर पॉल्यूशन साइट पर बीबीएन के इन एयर स्टेशनों से साल 2016 का कोई भी आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। अन्य स्टेशनों के आंकड़ों को बखूबी दिखाया जा रहा है।
शोपीस बना उद्योग विभाग में लगा एयर स्टेशन
बद्दी के उद्योग विभाग कार्यालय में लगे एयर मानीटरिंग स्टेशन को बिजली की सप्लाई नहीं दी है। विभाग केवल डाटा लेने के लिए ही इसकी व्यवस्था करता है। बरोटीवाला आयुर्वेद औषधालय भवन पर लगे एयर स्टेशन को सप्ताह में एक बार ही चलाया जाता है। अन्य दिनों में यह बंद रहता है।
मशीनें बंद होने की जानकारी नहीं : सूद
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव संजय सूद ने कहा कि बीबीएन के चारों स्टेशनों से हर सप्ताह एयर पॉल्यूशन के आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं। मशीनों के बंद होने की जानकारी उनके ध्यान में नहीं है। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत सही तरीके के साथ बीबीएन में प्रदूषण जांच का कार्य किया जा रहा है।