दून के विधायक ने व्यापार मंडल के साथ की बैठक कर मार्ग के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण का खाका किया तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। औद्योगिक नगरी बद्दी के मुख्य संपर्क मार्ग बद्दी-साई मार्ग की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। दून के विधायक राम कुमार ने मंगलवार सुबह कार्यकर्ताओं और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मार्ग के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण का खाका खींचा। विधायक ने बताया कि इस मार्ग को चौड़ा और पक्का करने के लिए 11 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है, जिसका एस्टीमेट मंजूरी के लिए शहरी विकास निदेशक को भेज दिया गया है। पैदल चलने वालों के लिए बनेगा फुटपाथ, नालों को किया जाएगा कवर विधायक राम कुमार ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि नाली के दोनों ओर सड़क को 8-8 फीट चौड़ा किया जाएगा। जल निकासी के लिए एक बड़ा नाला निर्मित होगा, जिसे ऊपर से पूरी तरह ढका जाएगा। इस ढके हुए हिस्से का उपयोग फुटपाथ के रूप में होगा, जिससे पैदल चलने वाले राहगीरों को सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा। मार्ग पर फैले कूड़े और पॉलिथीन पर कड़ा संज्ञान लेते हुए विधायक ने नगर निगम को त्वरित सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। नगर व्यापार मंडल के प्रधान मान सिंह कुंडलस ने इस योजना का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मार्ग चौड़ा होने से बद्दी की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम से हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाएगा। इस अवसर पर महेंद्र सिंह, पार्षद राहुल अग्रवाल, बेअंत ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सड़क के बीच से हटेंगे खंभे
यातायात में बाधा बन रहे बिजली के पोल को हटाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। विधायक ने कहा कि खंभे हटाने के टेंडर लग चुके हैं और जल्द ही काम शुरू होगा। नए पोल की ऊंचाई 40 फीट रखी जाएगी ताकि बड़े वाहनों की आवाजाही में कोई रुकावट न आए। शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए बद्दी-साई मार्ग को नो रेहड़ी-फड़ी जोन घोषित किया जाएगा। सड़क किनारे किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे की अनुमति नहीं होगी। दावत चौक, पेट्रोल पंप और वर्धमान में आकर्षक चौक बनाए जाएंगे।