नालागढ़ का मामला, पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ में एटीएम बदल कर शातिरों ने एक व्यक्ति के खाते से एक लाख पांच हजार रुपये उड़ा लिए। शातिरों ने पांच बार एटीएम का इस्तेमाल किया। तीन बार ऑनलाइन किसी दूसरे खाते में पैसे ट्रांसफर किए वहीं दो बार एटीएम से बीस-बीस हजार रुपये निकाले गए। जैसे ही पहली ट्रांजेक्शन का मैसेज पीड़ित को आया तो इसने इसकी सूचना बैंक को दी। लेकिन जब तक खाता बंद होता शातिरों ने दस मिनट में चार बार पैसा निकाल लिया था। हालांकि खाता बंद होने से 51 हजार रुपये बच गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जानकारी के अनुसार नालागढ़ के वार्ड तीन में रहने वाले सतपाल ने बताया कि 24 जून की शाम करीब 5:00 बजे जब वह नालागढ़ के एक्सिस बैंक में पैसा निकालने गया तो उसने एटीएम से तीन हजार रुपये निकाले। उसके बाद उसका एटीएम कार्ड मशीन में बाहर नहीं आ रहा था। उसके पीछे खड़े दो युवकों ने कहा कि हम बाहर निकालते हैं। इन युवकों ने उसे अपना पीएनबी का एटीएम दे दिया और उसका एटीएम कार्ड ले लिया। सतपाल अपना एटीएम समझ कर वहां से निकल आया। तीन मिनट के बाद उसे बीस हजार उसके खाते से निकलने का मैसेज आया। बैंक बंद होने के कारण उसने कस्टमर केयर में फोन लगाया और अपने खाता बंद करने को कहा। लेकिन इस बीच एक बार 20 हजार और एक बार 25 हजार ऑनलाइन निकल गए। दो बार दस -दस हजार एटीएम से कैश निकाला गया। सतपाल ने बताया कि करीब दस मिनट के बाद उसका खाता बंद हो गया जिससे उसके 51 हजार रुपये बच गए। उसके खाते में एक लाख 56 हजार रुपये थे जिसमें एक लाख 5 हजार रुपये निकल गए। उसने इसकी शिकायत नालागढ़ थाने में दी है। डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।