स्वास्थ्य विभाग ने जोगों स्कूल में चलाया जागरूकता अभियान
बीएममओ ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोंगो में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ. कविराज नेगी ने बताया कि एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान का दूसरा चरण प्रदेश में 1 जून से 20 अगस्त तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। नेगी ने विद्यार्थियों को चिट्टा, शराब, तंबाकू, सिगरेट तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं और अध्यापकों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके लगवाने से शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार रघुवंशी, खंड स्वास्थ्य शिक्षक राम अवतार ठाकुर, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक गुरमुख चौधरी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता ईश्वर कुमार शर्मा, आशा कार्यकर्ता तथा विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।