नालागढ के चुहूवाल में नई राईजिंग लाईन दूसरी बार हुई लीक- संवाद।
पुरानी लाइन में जगह-जगह रिसाव से बदली थी लाइन
अब नई में भी वही समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ शहर को जोड़ने वाली नई पेयजल योजना की मुख्य राइजिंग लाइन दूसरी बार लीक हो गई है। एक सप्ताह पहले चुहूवाल में राइजिंग लाइन में रिसाव हुआ था। इसे जल शक्ति विभाग ने ठीक कर दिया था। मंगलवार को उसी स्थान से कुछ दूरी पर लाइन फिर से लीक हो गई। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रही इस योजना के शुरुआती चरण में बार-बार लाइन लीक होने से निर्माण गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
नालागढ़ में करीब 22 करोड़ से नई पेयजल योजना तैयार की जा रही है। योजना के तहत नंगल में दो ट्यूबवेल, एक पंप हाउस और नई राइजिंग लाइन का निर्माण किया जा रहा है। पुरानी राइजिंग लाइन जर्जर होने के कारण विभाग ने नई लाइन बिछाई है, लेकिन यह भी दो बार लीक हो चुकी है। पहली बार चुहूवाल में रिसाव होने पर पेवर ब्लॉक उखाड़कर मरम्मत की गई थी। अब उसी स्थान से कुछ दूरी पर फिर पानी निकलने लगा है।
पहले पुरानी राइजिंग लाइन दतोवाल में जगह-जगह लीक होने के कारण नालागढ़ शहर में पेयजल संकट पैदा हो जाता था। इसे देखते हुए विभाग ने पुराने स्टोरेज टैंक को नई राइजिंग लाइन से जोड़ दिया है, लेकिन नई लाइन में भी बार-बार रिसाव होने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के अध्यक्ष नरेश घई ने कहा कि पुरानी लाइन को बदलकर नई लाइन बिछाई गई थी, लेकिन उसमें भी लगातार रिसाव हो रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता देशराज ने बताया कि नई राइजिंग लाइन की अभी टेस्टिंग चल रही है। परीक्षण के दौरान जहां भी तकनीकी कमियां सामने आ रही हैं, उन्हें तुरंत दूर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नई लाइन को फिलहाल पुराने स्टोरेज टैंक से जोड़ा गया है। नई योजना के तहत दो बोरवेल और पंप हाउस का निर्माण कार्य भी अभी पूरा होना बाकी है।