कलश यात्रा के साथ ओखरू में कथा का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। ओखरू गांव में बुधवार को कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर आचार्य राम स्वरूप ने मधुर वाणी से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। इससे पहले महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली।आयोजक नरेश वर्मा ने बताया कि पितृ शांति और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए कथा का आयोजन किया जा रहा है।
आचार्य ने श्रीमद्भागवत कथा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि प्रथम श्लोक सच्चिदानंदरूपाय के साथ कथा की शुरुआत की जाती है। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण से भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की प्राप्ति होती है तथा यह श्रोताओं को मोक्ष और सांसारिक दुखों से मुक्ति का मार्ग दिखाती है।
उन्होंने कहा कि पहले दिन का उद्देश्य मन को भक्ति के लिए तैयार करना और कथा के प्रति श्रद्धा उत्पन्न करना होता है। आगामी सात दिनों तक सुबह कथा का मूल पाठ किया जाएगा, जबकि दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कथा वाचन होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का विस्तृत वर्णन किया जाएगा।