पटाखों के 30 फीसदी तक बढ़े दाम
ग्रीन पटाखों की ज्यादा मांग
चंबाघाट, ठोडो मैदान, ब्रूरी, धर्मपुर, अर्की और कंडाघाट में लगे स्टॉल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दीपावली पर्व को लेकर जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सोलन में निर्धारित स्थानों पर शुक्रवार से पटाखों के स्टॉल सज गए हैं। अस्थायी रूप से चिह्नित स्थानों के अलावा अन्य जगह पटाखों की बिक्री पर रोक है। शनिवार को ठोडो मैदान, चंबाघाट, सोलन बाईपास और ब्रूरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगी पटाखों की दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ उमड़ी।
खासकर युवाओं में बाजार में आए नए किस्म के पटाखों को लेकर खासा उत्साह दिखा। बटरफ्लाई, स्काई शॉट, पॉप-पॉप और सीटी बम की सबसे अधिक मांग रही। बटरफ्लाई बम रॉकेट की तरह उड़ता है और आसमान में फटने के बाद तितली के आकार में चमक बिखेरता है। वहीं, पॉप-पॉप कैंडी की तरह होता है, जिसे जमीन पर मारने से आवाज होती है। इसके अलावा आग लगते ही सीटी बजाने वाला सीटी बम भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पर्यावरण के प्रति जागरूकता दिखाते हुए लोग कम धुआं छोड़ने वाले ग्रीन पटाखों की खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि, इस बार ग्रीन पटाखों के दामों में भी 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। प्रशासन ने सोलन, धर्मपुर, कसौली, परवाणू, कंडाघाट, कुनिहार, अर्की, दाड़लाघाट, चायल और बीबीएन क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए विशेष स्थान निर्धारित किए हैं।
यह रहे पटाखों के दाम
पॉप शॉट 20 रुपये, सीटी बम 250 रुपये प्रति पैकेट, रॉकेट 150 से 300 रुपये, स्काई शॉट 350 से 5000 रुपये, फूलझड़ी 20 से 240 रुपये, अनार 150 से 450 रुपये, सुतली बम 100 से 750 रुपये प्रति पैकेट, बटरफ्लाई बम 350 रुपये तक और पीकॉक बम 300 से 750 रुपये तक में बिक रहे हैं।
ठोडो मैदान में कारोबार कर रहे अरुण ठाकुर, सक्षम और तनिष्क समेत अन्य दुकानदारों ने बताया कि इस बार बाजार में पूरी तरह ग्रीन पटाखे ही उपलब्ध हैं। हालांकि, पटाखों के दामों में कुल मिलाकर 30 प्रतिशत तक का उछाल आया है।