पहले भी मिशन लोटस के तहत कर चुके विधायकों को तोड़ने का प्रयास
आरडीजी को बंद न करें केंद्र या इसकी जगह दें कोई और अल्टर्नेट
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष बर्माणी ने कहा कि हिमाचल में जब से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से केंद्र की मोदी सरकार उसे तोड़ने की कोशिश कर रही है।
सोलन में पत्रकारवार्ता के दौरान बर्माणी ने कहा कि आरडीजी बंद कर केंद्र सरकार अब फाइनेंशियल तौर पर सरकार को कमजोर करना चाहती है। कहा कि आजतक केंद्र में चाहे भाजपा हो या कांग्रेस, किसी भी सरकार ने आरडीजी बंद नहीं की। अभी भी हिमाचल के 15वें वित्त आयोग के करीब 3557 करोड़ रुपये पेंडिंग हैं।
बर्माणी ने कहा कि इससे पहले भी उन्होंने हिमाचल में मिशन लोटस के तहत 10 विधायकों को तोड़ने का प्रयास किया, मगर उसमें विफल रहे। उप चुनाव में जनता ने भाजपा को उनका असली चेहरा दिखा दिया। दोबारा से कांग्रेस के उतने की विधायक हो गए, जितने पहले थे। उन्होंने कहा कि आपदा में हिमाचल में करीब 10 हजार करोड़ का नुकसान हुआ जबकि केंद्र ने मात्र 66.92 करोड़ रुपये ही हिमाचल को दिए। बर्माणी ने कहा कि मौजूदा समय में केंद्र ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील की है, उसमें भी प्रदेश के बागवानों व किसानों को 4 से 5 हजार करोड़ का नुकसान होगा। कहा कि मुख्यमंत्री वर्ल्ड बैंक से बात कर रहे हैं। वह अपने दम पर हिमाचल को खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं और केंद्र की इस तरह की ओच्छी राजनीति से वह डरने वाले नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग उठाई कि यदि सरकार आडीजी बंद कर रही है तो इसका अल्टर्नेट भी जरूर दें ताकि हिमाचल समेत 17 राज्यों को इसके बंद होने का असर न पड़े।