बाल विकास परियोजना धर्मपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए 2 जून को साक्षात्कार होंगे।
- फोटो : demopic
बाल विकास परियोजना धर्मपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए 2 जून को साक्षात्कार होंगे। यह साक्षात्कार बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर के कार्यालय में वॉक -इन इंटरव्यू की तर्ज पर लिए जाएंगे। इन पदों पर सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय देय मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए वही महिला उम्मीदवार पात्र हैं जो संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के क्षेत्र की स्थायी निवासी होंगी। उम्मीदवार की आयु प्रथम जनवरी 2017 को 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दस जमा दो और आंगनबाड़ी सहायिका के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। यदि फीडर एरिया में सहायिका के पद के लिए आठवीं पास शैक्षणिक योग्यता के उम्मीदवार नहीं मिलते हैं तो न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पांचवीं पास मान्य होगी। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 35 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में उम्मीदवार को तहसीलदार या नायब तहसीलदार की ओर से हस्ताक्षरित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।
कहां कौन सा पद भरा जाएगा
बाल विकास परियोजना वृत्त परवाणू के तहत नप परवाणू के सेक्टर-2(1) में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बाल विकास परियोजना वृत्त चंडी के तहत पंचायत घड़सी के आंगनबाड़ी केंद्र चियावनी और बेड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा आंगनबाड़ी केंद्र जाबली में सहायिका, बढ़लग के आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका, बाल विकास परियोजना वृत्त जाबली की पंचायत बनासर के आंगनबाड़ी केंद्र तकरोटा में आंगनबाड़ी सहायिका का पद भरा जाएगा। बाल विकास परियोजना वृत्त जाबली की पंचायत बनासर के आंगनबाड़ी केंद्र कैंथी में सहायिका के एक-एक पद भरे जाने हैं।
यह प्रमाणपत्र लाने होंगे साथ
आवेदक को आवेदन पत्र के साथ आयु, शैक्षणिक योग्यता, जाति, अपंगता, अनुभव, हिमाचली, परिवार रजिस्टर की नकल और अन्य योग्यता प्रमाणपत्रों की प्रमाणित प्रतियां साक्षात्कार के समय या इससे पूर्व जमा करवानी होंगे। उम्मीदवारों को साक्षात्कार के दिन इन सभी प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां अपने साथ लानी जरूरी हैं। साक्षात्कार के लिए अलग से सूचित नहीं किया जाएगा।