झाड़माजरी (सोलन)। सोमवार देर रात चोरों ने उपमंडल नालागढ़ में एक मंदिर को अपना निशाना बना चोरी की घटना को अंजाम दिया। साथ ही चोर मंदिर के समीप एक किराना की दुकान के भी शटर उखाड़कर हजारों का राशन चुरा ले गए। दोनों चोरियों को लेकर मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले में जांच आरंभ कर दी है।
उपमंडल नालागढ़ में सन्यास आश्रम सोढ़ी गुजरा के पुजारी सरजू गिरी संत ने बताया कि देर रात तकरीबन 12:30 बजे चार लोग मंदिर के भीतर घुस आए। इनमें से एक युवक ने पगड़ी डाल रखी थी। उन्हें तीन शातिरों ने मंदिर के एक कमरे में बंधक बना लिया। उसके बाद चोर मंदिर के अंदर रखी हजारों रुपये की नकदी और कुछ सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
सरजू गिरी ने बताया कि उसके बाद उन्होंने सुबह आसपास के लोगों को बुलाकर पहले तो अपने कमरे का दरवाजा खुलवाया। फिर पुलिस को चोरी की सूचना दी। वहीं मंदिर से थोड़ी दूरी पर चोरों ने बंद दुकान के शटर को उखाड़कर अंदर रखे सामान के साथ नकदी को भी चुरा लिया। दुकान मालिक मेहर चंद ने बताया कि जब वह सवेरे दुकान खोलने के लिए आया तो उसका शटर नीचे से उखड़ा हुआ था। दुकान में सारा सामान बिखरा मिला।
चोर दुकान में से देसी घी के डिब्बे, चाय पत्ति के पैकेट, चीनी और अन्य सामान के साथ करीब दो हजार रुपये चुरा ले गए हैं। दुकानदार मेहर चंद ने कहा कि न तो पुलिस ग्रामीण इलाकों में गश्त करती है जिससे चोर आए दिन ग्रामीण इलाकों में मंदिरों और दुकानों को अपना निशाना बना रहे हैं।
वहीं जिला पुलिस बद्दी बीबीएन में लाखों के सीसीटीवी लगाकर अपराधों पर रोकथाम के दावे तो करती दिखती है मगर अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों के सुस्त रवैये और नियमित गश्त पर न जाने से चोरों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। उधर, एसएचओ नालागढ़ और डीएसपी बद्दी अजय कुमार ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है।