सोलन। दिल्ली से शिमला के लिए आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस हिमसुता से लाखों रुपये का बिना बिल का सामान जब्त किया गया है। इसमें गाड़ी के स्पयेर पार्ट सहित अन्य सामान शामिल है। यह कार्रवाई आबकारी एवं कराधान विभाग के उड़नदस्ते ने सुबह करीब तीन बजे परवाणू के समीप की। सूचना के आधार पर बस को तलाशी के लिए रोका गया था। इसमें विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं संबंधित सामान के डीलरों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की वोल्वो बस हिमसुता में दिल्ली से हिमाचल के लिए अवैध रूप से बिना बिल का सामान लाया जा रहा है। सोमवार को भी बस में इस तरह का सामान आना है। सूचना के आधार पर आबकारी एवं कराधान विभाग की उड़नदस्ते ने परवाणू बैरियर पर अपना नाका लगा दिया।
इसमें बाहरी राज्यों से वापस हिमाचल के लिए आ रही बसों की तलाशी ली जा रही थी। इसी बीच सुबह करीब तीन बजे दिल्ली से शिमला के लिए आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस हिमसुता को आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने तलाशी के लिए परवाणू के समीप रोका। इसके बाद टीम ने कार्रवाई कर बस में रखे सामान की तलाशी ली। बस से गाड़ी के स्पयेर पार्ट और अन्य लाखों रुपये का सामान बरामद हुआ है। कुछ सामान का बिल मौके पर नहीं मिल सका। इसके बाद विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सामान के डीलरों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
पूछताछ के लिए बुलाया है डीलर
दक्षिण प्रवर्तन क्षेत्र के संयुक्त आयुक्त उड़नदस्ता राज्य आबकारी कराधान विभाग उज्जवल सिंह राणा ने बताया कि सूचना के आधार पर निगम की बस से कुछ सामान जब्त किया गया है। इस सामान का बिल नहीं मिला है। संबंधित डीलर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पूछताछ के बाद ही मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।