मंढेसर में भैयादूज मेले का आगाज, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बाधां समा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। कृष्णगढ़ उपतहसील के तहत ग्राम पंचायत मंढेसर में नव चेतना युवक मंडल और स्थानीय लोगों के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय भैयादूज मेले का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। पंचायत प्रधान सुमन कंवर और उपप्रधान संजीव छेत्री ने मेले का शुभारंभ किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य स्नेहलता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
युवक मंडल के प्रधान विशाल धवन और समाजसेवी रुद्र सिंह कंवर ने बताया कि मेले के दौरान खेलकूद और मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। वॉलीबाॅल प्रतियोगिता में दांवटा स्कूल की टीम विजेता रही, जबकि कृष्णगढ़ की टीम उपविजेता रही। इसके अलावा कबड्डी, रस्साकशी, लंबी कूद, ऊंची कूद और दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मेले के दूसरे दिन दून के विधायक चौधरी रामकुमार, कृष्णगढ़ उपतहसील के नायब तहसीलदार सूरत सिंह और पंचायत समिति सदस्य रवि कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सुनीता सांस्कृतिक दल के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे हैं। कलाकारों ने लोकगीतों और मनमोहक कार्यक्रमों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मेले को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस अवसर पर युवक मंडल के उपप्रधान आयुष छेत्री, कोषाध्यक्ष ललित कुमार, विशाल, हिमांशु, सुभाष चंद, अक्षय, डाला राम और छतर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।